तीन बच्चियों संग हिंदू महिला अपने मुस्लिम पति के घर हक की मांग को लेकर धरने पर बैठी, हंगामा की सूचना पर पहुंची पुलिस भी उलझी, पति लखनऊ में हत्या के आरोप में जेल में है निरुद्ध

Uncategorized

आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र के बखालिस बाजार में एक महिला ने एक युवक पर कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर शादी करने का आरोप लगाते हुए उसके घर के बाहर हंगामा किया। महिला का आरोप है कि युवक ने खुद को वीर प्रताप सिंह बताकर उससे विवाह किया, जबकि शादी के बाद उसे उसकी कथित वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी हुई।
महिला ने आरोप लगाया कि युवक के परिजनों ने शादी के बाद उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया और धर्म परिवर्तन के बाद ही घर में रखने की बात कही। इसके बाद महिला न्याय की मांग को लेकर युवक के घर पहुंची और बाहर धरने पर बैठ गई।
महिला करीब दो घंटे तक घर के बाहर बैठी रही। मामले की जानकारी मिलने पर जीयनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से बातचीत कर उसकी शिकायत सुनी। पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया। पुलिस ने महिला को आगे की कार्रवाई के लिए थाने भी बुलाया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात तक थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और पंचायत चलती रही। महिला ने न्याय नहीं मिलने पर आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात भी कही।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार जिस युवक पर महिला ने आरोप लगाए हैं, वह वर्तमान में एक हत्या के मामले में जेल में बंद है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *