
आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के सुबाष निषाद हत्याकांड में वांछित आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सारंगपुर गांव निवासी भुलेन्द्र गौड़ (28) पुत्र फूलचन्द के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे भैरवदासपुर पुलिया के पास से सुबह 9:55 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर की रात सारंगपुर गांव निवासी बिन्दु देवी पत्नी सुबाष निषाद ने महराजगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पति सुबाष निषाद (45) की भुलेन्द्र गौड़ और एक अज्ञात व्यक्ति ने नाले में गिराकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 240/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश की। इसी दौरान उसे भैरवदासपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
