
आजमगढ़। पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले बर्खास्त सिपाही सुनील शुक्ला को गैर राजनीतिक सामाजिक संगठन प्रयास की ओर से सम्मानित किया गया। सिविल लाइन स्थित संगठन के कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने के बाद सुनील शुक्ला ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूती से निभाने की प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद सत्य और जनहित के पक्ष में आवाज उठाने का उनका प्रयास जारी रहेगा। समाज के लोगों का सहयोग और सम्मान संघर्ष को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
प्रयास सामाजिक संगठन के आजमगढ़ मंडल अध्यक्ष राणा बलवीर सिंह ने कहा कि संगठन जनहित और सामाजिक न्याय के लिए आवाज उठाने वाले लोगों के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि सकारात्मक बदलाव के लिए जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। संगठन जरूरतमंदों की सहायता के साथ सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने का काम कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि सुनील शुक्ला का सम्मान विपरीत परिस्थितियों में अपने सिद्धांतों के साथ खड़े रहने वाले लोगों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को संगठन की ओर से सम्मानित किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन आदित्य आजमी ने किया। इस दौरान सचिव इंजी. सुनील यादव, सीएल यादव, शिव प्रसाद पाठक, राजीव शर्मा, अंगद साहनी, डॉ. वीरेंद्र पाठक, संजीव राय, इंजी. अमित यादव और हरिश्चन्द्र सहित संगठन के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
