
आजमगढ़। तहबरपुर थाना क्षेत्र के चिरावल गांव के पास 8 अक्टूबर की रात बाइक और वैगनआर कार की टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवक शिवम पाल (22) की 10 अक्टूबर को लखनऊ स्थित केजीएमयू में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। रविवार को सुबह शव तहबरपुर पहुंचने पर लोगों ने टीकापुर तिराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हादसे के आरोपी को छोड़ने का आरोप लगाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह जाम समाप्त कराया।
जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के चिरावल गांव निवासी शिवम पाल पुत्र जियालाल पाल 8 अक्टूबर की रात कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरैया गांव से निमंत्रण में शामिल होकर लौट रहे थे। रात करीब नौ से दस बजे के बीच चिरावल गांव के पास उनकी बाइक पूरब दिशा से जा रही वैगनआर कार की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार शिवम पाल और नितिन यादव समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। नितिन यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। वहीं, शिवम पाल को चिकित्सकों ने रेफर कर दिया था। लखनऊ के केजीएमयू में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि वैगनआर कार में तीन लोग सवार थे। हादसे के बाद दो लोग मौके से फरार हो गए, जबकि तीसरा व्यक्ति झाड़ियों में छिप गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। हालांकि, बाद में पुलिस द्वारा आरोपी को छोड़ दिए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
एंबुलेंस से शिवम का शव तहबरपुर पहुंचा तो टीकापुर तिराहे पर पहले से मौजूद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए बड़ी संख्या में जवान तैनात कर रखे थे। थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। सूचना पर कप्तानगंज पुलिस, निजामाबाद के तहसीलदार और बूढ़नपुर के क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद किसी तरह जाम खुलवाया जा सका।
बताया गया कि नितिन यादव तहबरपुर में अपने मामा के मेडिकल हाल पर रहता था। वहीं, मृतक शिवम पाल के पिता जियालाल पाल पैरालिसिस से पीड़ित हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
