स्कूली विवाद में सड़क पर आपस में भिड़ीं छात्राएं, मारपीट में एक दर्जन घायल, एसडीएम ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी भेजवाया, पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाकर कर रही जांच

Uncategorized

आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के मालपार गांव के समीप शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के दो पक्षों के बीच विवाद को लेकर मारपीट हो गई। सड़क पर हुई इस घटना में करीब एक दर्जन छात्राएं घायल हो गईं। मारपीट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, सिंहपुर स्थित छागुर राम इंटर कॉलेज में छुट्टी होने के बाद छात्राएं घर लौट रही थीं। इसी दौरान पुराने स्कूली विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्राएं आपस में मारपीट करने लगीं। इस घटना में शिवांगी, अनुष्का पुत्री मनोज, सुहाना पुत्री बहादुर, सुहानी, अंशिका और संजना समेत कई छात्राएं घायल हो गईं। वहीं, दूसरे पक्ष की नैना, निर्जला और निकिता के भी विवाद में शामिल होने की बात सामने आई है।

घटना के बाद घायल छात्राओं के परिजन उन्हें लेकर तहसील परिसर पहुंचे। वहां मौजूद एसडीएम अशोक कुमार ने घायलों की स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने छात्राओं का उपचार किया। चिकित्सक जैनेंद्र कुमार के अनुसार, घायलों को दवा और उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई।

थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला स्कूली विवाद को लेकर छात्राओं के बीच हुई मारपीट का है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के अभिभावक एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *