
आजमगढ़। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री राहत (PM-RAHAT) योजना जनपद आजमगढ़ में लागू कर दी गई है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना के शिकार व्यक्तियों को सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में 1.5 लाख रुपये तक का निःशुल्क कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती उपचार जीवन बचाने में बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, जिसके अंतर्गत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सूचीबद्ध अस्पतालों में तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया जाएगा। मरीज या उसके परिजनों को शुरुआती स्तर पर कोई भुगतान नहीं करना होगा।
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग तथा प्रमुख जिला मार्गों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ित इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि दुर्घटना पीड़ितों को बिना किसी विलंब के भर्ती कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए।
सीएमओ ने बताया कि जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालय इस योजना में स्वतः शामिल हैं। इनमें राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपर फैसिलिटी चिकित्सालय चक्रपानपुर, मंडलीय जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, 100 शैय्या चिकित्सालय, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) शामिल हैं। इसके अलावा जनपद के 20 निजी अस्पतालों को भी योजना के तहत सूचीबद्ध किया गया है।
डॉ. वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल द्वारा सड़क दुर्घटना पीड़ित को भर्ती करने में आनाकानी, उपचार में देरी या योजना के नियमों का उल्लंघन किए जाने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ सख्त वैधानिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में दुर्घटना पीड़ित को उपचार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल पहुंचाएं, जिससे समय पर उपचार देकर बहुमूल्य जीवन बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि दुर्घटना पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रधानमंत्री राहत योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
