
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के पेड़रा गंगापुर गांव में मंगलवार तड़के पंखे का प्लग बिजली के स्विच में लगाते समय करंट की चपेट में आने से 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे अपने कमरे में था। इसी दौरान वह पंखे का प्लग बिजली के स्विच में लगाने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और झटका लगने से जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन घबरा गए और आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक की मां कलावती देवी पत्नी दूधनाथ शर्मा ने सरायमीर थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
