फ्री मूवी-वेब सीरीज डाउनलोड का झांसा देकर मोबाइल हैक करने वाला अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का सरगना पटना से गिरफ्तार, APK फाइल के जरिए बैंक खातों से उड़ाते थे रकम, महराजगंज पुलिस ने लैपटॉप, पांच मोबाइल और फर्जी दस्तावेज किए बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर फ्री मूवी और वेब सीरीज डाउनलोड करने का प्रलोभन देकर लोगों के मोबाइल फोन हैक करने और बैंक खातों से रुपये उड़ाने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के वांछित सरगना को आजमगढ़ पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया है। आरोपी एपीके (APK) फाइल के जरिए लोगों के मोबाइल फोन को हैक कर बैंक खातों से रकम म्यूल खातों में ट्रांसफर करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, तीन आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, दो एटीएम कार्ड और एक बैंक पासबुक बरामद की है।
मामला महराजगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगी से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक राहुल कुमार की तहरीर पर आशीष कुमार और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि गिरोह के सदस्य फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर त्योहारों के अवसर पर मुफ्त मूवी और वेब सीरीज डाउनलोड करने का प्रलोभन देकर एक टेम्पलेट के साथ एपीके फाइल अपलोड करते थे। लोग जैसे ही उस फाइल पर क्लिक करते, उनका मोबाइल फोन हैक हो जाता था और बैंक खातों से धनराशि निकालकर म्यूल खातों में स्थानांतरित कर दी जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य मोबाइल के माध्यम से कूटरचित आधार कार्ड भी तैयार करते थे। इनका इस्तेमाल जनसेवा केंद्रों पर ठगी की रकम निकालने के लिए किया जाता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य आपस में रकम बांट लेते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने बिहार में आरोपी की तलाश शुरू की। थानाध्यक्ष जयप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 5 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे पटना में मकान मालिक भोला सेठ के घर दबिश देकर वांछित आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी 3बी, अनीमा कॉम्प्लेक्स, मछली गली, न्यू जक्कनपुर, मीठापुर, पटना (बिहार) के रूप में हुई है। उसका मूल निवास झारखंड के रांची जिले के हटिया क्षेत्र में बताया गया है।
आरोपी के खिलाफ महराजगंज थाने में बीएनएस की धारा 317(2), 318(4), 336(3), 340(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जयप्रकाश, निरीक्षक अशोक कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक राहुल कुमार और साइबर सेल के कांस्टेबल सत्येंद्र यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *