हमेशा 3 अवैध असलहा अपने पास होने की बात कहने वाले एहसान खान को पुलिस ने किया गिरफ्तार, असलहा के होने के बयान का वीडियो हुआ था वायरल, पूर्व में कांग्रेस से लड़ चुका है लोकसभा का चुनाव

Uncategorized

आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अवैध असलहों के साथ वीडियो वायरल करने वाले हिस्ट्रीशीटर अपराधी एहसान खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत कुल 25 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एहसान खान पुत्र स्व. मतीउद्दीन निवासी छित्तेपुर थाना सरायमीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह अपने पास तीन अवैध असलहे होने की बात कह रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ग्राम छित्तेपुर स्थित सलीम की बाग में बंद पड़े ट्यूबेल में अवैध असलहा छिपा रखा है। पुलिस ने मौके से एक .315 बोर का तमंचा, एक .315 बोर का जिंदा कारतूस और एक .303 बोर का जिंदा कारतूस बरामद किया। वैध दस्तावेज न दिखा पाने पर आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, एहसान खान पर आजमगढ़ समेत अन्य जिलों में मारपीट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, महामारी अधिनियम उल्लंघन, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे समेत थाना सरायमीर की पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *