






आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पिकअप सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पुलिस बूथ में जा घुसा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर फरिहा पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में भर्ती तीनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण टक्कर इतनी भीषण हुई कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद ट्रक सीधे पुलिस बूथ में जा घुसा, जिससे बूथ को भी नुकसान पहुंचा।
थाना प्रभारी निजामाबाद हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक और पिकअप के बीच टक्कर की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं गुरुवार सुबह करीब सात बजे निजामाबाद थाना पुलिस ने क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाने की कार्रवाई शुरू की, जिससे यातायात को सामान्य किया जा सके। फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
