पत्नी को फांसी पर लटकाने का आरोपी पति गिरफ्तार, नहर पुलिया से दबोचा

Uncategorized

आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के बुद्धसेनपुर गांव में पत्नी को जान से मारने की नीयत से फांसी पर लटकाने के आरोप में पुलिस ने वांछित पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मोलनापुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार करने के बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चालान कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार बुद्धसेनपुर निवासी शशिकला ने 23 सितंबर को निजामाबाद थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि उसके पति राकेश यादव पुत्र मुन्ना उर्फ मुन्नीलाल यादव ने नौ सितंबर की रात करीब नौ बजे उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे फांसी पर लटका दिया। घटना के संबंध में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राकेश यादव को वांछित पाया। गुरुवार 24 सितंबर को उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को मोलनापुर नहर पुलिया से सुबह करीब 7:35 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश यादव (33) पुत्र मुन्ना उर्फ मुन्नीलाल यादव, निवासी बुद्धसेनपुर, थाना निजामाबाद, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ निजामाबाद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 238/2026 के तहत धारा 85, 109(1) और 115(2) बीएनएस में कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में निजामाबाद थाने में धारा 147, 149, 323, 325, 352, 427, 504 और 506 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह, कांस्टेबल धर्मवीर प्रजापति और रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक पटेल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *