






आजमगढ़। डॉ. अनिल कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को सरायमीर थाना में नव निर्मित प्रभारी निरीक्षक कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा जनसुनवाई प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया और पुलिसकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि थानों को आमजन के लिए अधिक सुविधाजनक और विश्वासनीय बनाना समय की आवश्यकता है। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना क्षेत्र के चौकीदारों को अंगवस्त्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं सतर्कता के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में चिराग जैन (अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण) एवं किरनपाल सिंह (क्षेत्राधिकारी सरायमीर) सहित थाना सरायमीर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
