बोर्ड परीक्षा में साल्वर गैंग के मामले में दो वांछित अभियुक्ता गिरफ्तार, STF और स्थानीय पुलिस ने पिछले साल कार्रवाई कर 6 को पकड़ा था

Uncategorized

आजमगढ़ के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाले साल्वर गैंग के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दूसरे परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा देने के मामले में वांछित चल रही दो अभियुक्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह पूरा मामला वर्ष 2025 में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान सामने आया था, जब नकल माफिया और साल्वर गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF और स्थानीय पुलिस ने पंडित कामता प्रसाद इंटर कॉलेज, मुडहर ठेकमा में छापेमारी की थी। छापे के दौरान खुलासा हुआ था कि असली परीक्षार्थियों के स्थान पर साल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही थी और इसके लिए आधार कार्ड में फोटो तक बदले जा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि विद्यालय प्रबंधक और प्रधानाचार्य प्रति छात्र पैसे लेकर इस संगठित रैकेट को चला रहे थे। उस समय मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था जबकि कुछ फरार हो गए थे।
इसी मामले में फरार चल रही प्रियंका पाल और सीमा का नाम विवेचना में सामने आया था, जिन्हें अब 24 मार्च 2026 को पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ गम्भीरपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम 2024 के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *