घूसखोरी की पड़ चुकी थी आदत, ग्राम सेक्रेट्री ने खोल रखी थी अपनी निजी ऑफिस, रखे गए थे निजी कर्मचारी, मृतक आश्रित में नौकरी पाने के बाद भी था बेधड़क

Uncategorized

आजमगढ़ पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी और एक रोजगार सेवक को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी सेक्रेट्री को पिता की सड़क हादसे में मौत के बाद मृतक आश्रित में कुछ साल पहले ही नौकरी मिली थी। लेकिन पैसा कमाने की हवस सवार हो गई। बकायदा क्षेत्र में एक निजी ऑफिस भी खोल लिया था। 3 निजी कर्मचारी भी काम करते थे। क्षेत्र में काफी चर्चा थी। पूर्व प्रधान अमित यादव जब परेशान हुए तब शिकायत की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 25 मार्च 2026 को समय करीब 12:50 बजे भ्र०नि०सं० (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) आजमगढ़ इकाई की ट्रैप टीम ने शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की। शिकायतकर्ता अमित कुमार यादव पुत्र चन्द्रिका यादव निवासी ग्राम पूराबालनरायन, पोस्ट रामगढ़, ब्लॉक हरैया, थाना रौनापार, तहसील सगड़ी ने आरोप लगाया था कि पूर्व प्रधानी कार्यकाल में कराए गए खड़ंजा, इंटरलॉकिंग और पक्की नाली निर्माण के कार्यों से संबंधित बिल पास कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर आरोपी ग्राम विकास अधिकारी शशिकान्त सोनकर तथा रोजगार सेवक (संविदा कर्मी) चन्द्रेश यादव को ₹10,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को राजीव यादव के मकान (ग्राम बनकटा बाजार गोसाई, ब्लॉक हरैया) में स्थित ग्राम विकास अधिकारी कक्ष से साक्षियों की मौजूदगी में गिरफ्तार किया गया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
टीम ने बताया कि बरामदगी और गिरफ्तारी की पूरी कार्रवाई नियमानुसार स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में की गई। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक कमलेश कुमार पासवान ने किया। टीम में निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित, निरीक्षक हरिवंश कुमार शुक्ला सहित कई आरक्षी और चालक शामिल रहे।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए प्रशासन से ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रखने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *