पेट्रोल-डीजल आपूर्ति में बाधा नहीं, प्रशासन ने पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ बैठक में दिए सख्त दिशा-निर्देश, जमाखोरी को लेकर दी चेतावनी

Uncategorized

आजमगढ़, 26 मार्च 2026। जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों यथा पेट्रोल और डीजल की सुचारु एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल पम्प एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य राजस्व अधिकारी ने सभी पेट्रोल पम्प संचालकों को निर्देशित किया कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल की विधिवत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और वाहन के साथ आने वाले उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार ही बिक्री की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जमाखोरी या अवैध भण्डारण के उद्देश्य से खरीद करने वाले व्यक्तियों को पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति न की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जनपद के सभी पेट्रोल पम्पों पर डीजल अथवा पेट्रोल उपलब्ध होने के बावजूद ‘स्टॉक उपलब्ध नहीं है’ संबंधी कोई भी भ्रामक या अनावश्यक डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित न किया जाए और सभी पेट्रोल पम्पों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को सदैव क्रियाशील रखा जाए। जिला पूर्ति अधिकारी ने बैठक में अवगत कराया कि जनपद में मांग के सापेक्ष पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और संबंधित पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा लगातार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मुख्य राजस्व अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित आपूर्ति जारी है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से पेट्रोल पम्पों पर भीड़ न लगाने तथा आवश्यकता से अधिक खरीद से बचने का आग्रह किया और सख्त निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति या फर्म जमाखोरी या अवैध भण्डारण करते हुए पाया जाता है तो आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कठोर विधिक एवं दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार सिंह, प्रभारी पेट्रोलियम पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, पेट्रोल पम्प एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदर्शन अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं पेट्रोल पम्प संचालक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *