झांसी हाईवे पर भीषण हादसा: दो ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग, आजमगढ़ निवासी समेत तीन की जिंदा जलकर मौत, परिजनों में कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़: बांदा जिले में गुरुवार तड़के करीब 5 बजे झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मटौंध थाना क्षेत्र के रेलवे क्रॉसिंग के पास दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत के बाद आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि देखते ही देखते दोनों ट्रक आग की लपटों में घिर गए और उनमें फंसे तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के मकबरा गांव निवासी चालक सुरेश पांडे अपने खलासी अभिषेक के साथ महोबा से गिट्टी लादकर सुल्तानपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका ट्रक मटौंध क्षेत्र के खेराड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक खाली ट्रेलर से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और तुरंत आग लग गई।
आग ने कुछ ही क्षणों में विकराल रूप ले लिया, जिससे दोनों ट्रकों में सवार चालक और खलासी बाहर निकलने का मौका नहीं पा सके। इस दर्दनाक हादसे में चालक सुरेंद्र पांडेय, दूसरे ट्रक के चालक सूर्यभान उर्फ साधू निवासी आजमगढ़ के अहरौला थाना तथा खलासी सनी (अंबेडकर नगर निवासी) की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं खलासी अभिषेक गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल अभिषेक को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र स्थित पारा गांव निवासी ट्रक ड्राइवर साधु उर्फ सूर्यभान पुत्र हरिवंश झांसी से महोबा पेंडरी जा रहे थे। बांदा से 15 किलोमीटर आगे ही पहुंचे थे कि भिड़ंत हो गई। पारा निवासी साधु उर्फ सूर्यभान उम्र लगभग 50 वर्ष की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया ।
मामले की जानकारी देते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक मनीष तावक ने बताया कि हादसा आमने-सामने की भिड़ंत के कारण हुआ है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *