






आजमगढ़। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की शाम रोडवेज जनरथ बस चालक व परिचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बाराबंकी जनपद के हैदरगढ़ निवासी दीपक कुमार शर्मा, जो रोडवेज की जनरथ बस (चारबाग डिपो) के चालक हैं, 3 अप्रैल को करीब शाम 4 बजे लखनऊ से बस लेकर आजमगढ़ पहुंचे थे।
बस को रोडवेज परिसर में खड़ा करते समय एक मोटरसाइकिल सवार ने गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया और चालक को गालियां देने लगा। विरोध करने पर वह वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद 2-3 लोगों के साथ वापस आया और चालक पर डंडों से हमला कर दिया।
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बस के परिचालक शाहिद अब्बास को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जिसकी पहचान युवराज सिंह निवासी दौलतपुर, थाना सिधारी के रूप में हुई है। पीड़ित चालक की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
