फर्जी और अवैध नर्सिंग होम, क्लीनिक और मेडिकल सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, कई ओटी सीज, नोटिस जारी

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में अवैध व फर्जी चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तरवां और मेहनगर क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी के आदेश व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ/नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से निजी अस्पतालों व क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान कई जगह गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। तरवां स्थित प्रिया हेल्थ केयर सेंटर में अयोग्य चिकित्सक द्वारा संचालन पाए जाने पर ऑपरेशन थिएटर को तत्काल सीज कर दिया गया। वहीं मेहनगर के बीएन मेडिकल स्टोर में मेडिकल स्टोर की आड़ में नर्सिंग होम संचालित होते मिलने पर ओटी सीज किया गया।
इसी तरह शांति हड्डी अस्पताल/न्यू लाइफ हड्डी अस्पताल (मेहनगर) में गंभीर खामियां मिलने पर पूरे संस्थान को सीज कर दिया गया। नित्या क्लिनिक में वार्ड व ओटी संचालन में कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया, जबकि विष्णु ऑर्थो केयर सेंटर में भ्रामक बोर्ड लगाकर इलाज करने पर संचालक को नोटिस दिया गया। जी खान अस्पताल में निरीक्षण के दौरान चिकित्सक अनुपस्थित पाए जाने पर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है, वहीं स्वामी हड्डी अस्पताल को आवश्यक अभिलेख न प्रस्तुत करने पर नोटिस जारी किया गया।
कार्रवाई के दौरान जिन अस्पतालों में मरीज भर्ती मिले, उन्हें तत्काल सरकारी अस्पतालों में शिफ्ट कराया गया, ताकि उपचार प्रभावित न हो।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने चेतावनी दी है कि बिना पंजीकरण व बिना योग्य चिकित्सक के चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *