






आजमगढ़, 10 अप्रैल। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बीती शाम को एक व्यक्ति को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे आरोपियों द्वारा एक व्यक्ति को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में 10 अप्रैल को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कप्तानगंज में मु0अ0सं0 101/2026 के तहत धारा 3(5), 105, 127(2) बीएनएस एवं 3(2) वी एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष जय प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पियरिया-कोयलसा मार्ग स्थित रंजना ईंट भट्ठे के पास से अभियुक्तों को शुक्रवार दोपहर करीब 2:40 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में खोभारी पुत्र कुबेर निषाद (उम्र लगभग 75 वर्ष) एवं मुंद्रिका पत्नी राजू निषाद (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी थाना कप्तानगंज शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस ने बताया कि जनपद में गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
