शिव मंदिर के पास जुआ खेलते तीन युवक गिरफ्तार, 8340 रुपये बरामद

Uncategorized

आजमगढ़, 10 अप्रैल। शहर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से नगदी सहित ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस टीम ने 9 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे मुखबिर की सूचना पर अठवरिया मैदान स्थित शिव मंदिर के पास छापेमारी की। इस दौरान तीन युवक जुआ खेलते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. सलीम (28 वर्ष), सुधांशु कन्नौजिया (18 वर्ष) और सलमान (24 वर्ष) निवासी कटरा थाना कोतवाली शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से कुल 8340 रुपये नकद (मालफड़) और ताश के 54 पत्ते बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों आरोपियों ने जुआ खेलने की बात स्वीकार की है। हालांकि उन्होंने अपने बचाव में न्यायालय में पक्ष रखने की बात कही है। जांच में इनका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
इस संबंध में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 159/26 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस टीम में निरीक्षक रफी आलम, उपनिरीक्षक रामकिशोर शर्मा, सौरभ त्रिपाठी, हरिकेश कुमार राय, महिला उपनिरीक्षक शशि सिंह, प्रियंका तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार के कृत्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *