
आजमगढ़। अवैध मदरसे के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 62.84 लाख रुपये की शासकीय अनुदान राशि के गबन के मामले में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसआईटी और आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार शिक्षा क्षेत्र मोहम्मदपुर स्थित मदरसा शरीफुल उलूम गोसड़ी (मदरसा आईडी-191100770) के प्रबंधक मोहम्मद इलियास पर आरोप है कि उन्होंने कूटरचित अभिलेख तैयार कर उन्हें असली के रूप में प्रस्तुत करते हुए फर्जी तरीके से 62.84 लाख रुपये की शासकीय अनुदान राशि प्राप्त करने और उसका गबन करने का प्रयास किया।
इस मामले में थाना रानी की सराय में मुकदमा संख्या 40/2025 के तहत धारा 409, 420, 467, 468 और 471 भारतीय दंड संहिता में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मोहम्मद इलियास पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी गोसड़ी थाना दीदारगंज तथा वर्तमान पता खोवा मंडी, कस्बा सरायमीर का नाम प्रकाश में आया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दीदारगंज की मार्टिनगंज चौकी और थाना रानी की सराय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे अभियुक्त को थाना रानी की सराय गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 63 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज सिंह (चौकी प्रभारी मार्टिनगंज) तथा आरक्षी प्रवीश कुमार शामिल रहे।
