






आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज क्षेत्र के बड़सरा खालसा गांव में रविवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक के पिता, पूर्व जनसंघ प्रत्याशी सदर आजमगढ़ स्वर्गीय राधेश्याम पाठक की तेरही (त्रयोदशाह) के अवसर पर भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा और स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के जनपदों से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री दिनेश दुबे, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, ब्राह्मण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी तथा संरक्षक शिव प्रकाश मिश्रा सेनानी सहित अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। इनके अलावा पूर्व सांसद संगीता आजाद, पूर्व विधायक अरिमर्दन आजाद, पूर्व प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा गुड्डू तथा सुशील कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र एवं उद्योग मंत्री दिनेश दुबे ने सुबह लगभग 11 बजे स्वर्गीय राधेश्याम पाठक के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अपने संबोधन में कलराज मिश्र ने कहा कि राधेश्याम पाठक भाजपा के शुरुआती दौर के समर्पित एवं संघर्षशील नेता थे, जिनका पार्टी के निर्माण और विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने स्वर्गीय पाठक को अपना अभिन्न मित्र बताते हुए उनके निधन को अत्यंत दुखद बताया।
बताया गया कि स्वर्गीय राधेश्याम पाठक का निधन 2 अप्रैल को लखनऊ स्थित पीजीआई में उपचार के दौरान हुआ था। उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर संपन्न किया गया। उनके निधन के बाद से ही प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से लोग उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा उर्फ गुड्डू, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुर चौबे, वीरेन्द्र नाथ मिश्र, भाजपा नेता अमित तिवारी, जयराम उपाध्याय, सियाराम उपाध्याय, धीरज तिवारी, हरिकेश तिवारी, सुग्रीव तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरे वातावरण में शोक की लहर व्याप्त रही और उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता ने स्वर्गीय राधेश्याम पाठक के प्रति लोगों के सम्मान और उनके जनसरोकारों से जुड़े जीवन को स्पष्ट रूप से दर्शाया।
