






आजमगढ़। शहर के प्रतिष्ठित श्री मारवाड़ी धर्मशाला में रविवार, 12 अप्रैल 2026 को मारवाड़ी युवा मंच शाखा आजमगढ़ द्वारा आयोजित चतुर्थ निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं अंग प्रदान शिविर का समापन समारोह अत्यंत भव्य एवं भावनात्मक माहौल में सम्पन्न हुआ। अपरान्ह 3 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गैलेंट ग्रुप के चेयरमैन चंद्रप्रकाश अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) मधुबन सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर शुभम तोदी, मारवाड़ी युवा मंच की उत्तर प्रदेश प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती प्रीति बाजोरिया, प्रांतीय सहायक मंत्री इशांक शाह तथा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर शामिल रहे। सभी अतिथियों का मंच पर पारंपरिक रूप से दुपट्टा एवं बुके देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम संयोजक विशाल गोयनका ने अपने संबोधन में बताया कि इस शिविर के माध्यम से 100 से अधिक दिव्यांग भाई-बहनों को कृत्रिम अंग प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सेवा कार्य नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने का एक प्रयास है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान लाभार्थियों के अंगों का सटीक माप लेकर कार्यशाला में दिन-रात मेहनत कर कृत्रिम अंग तैयार किए गए, जिन्हें आज विधिवत वितरित किया गया।
शाखा अध्यक्ष अविनाश जालान ने कहा कि इस पूरे अभियान की सफलता टीमवर्क और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि मंच के सभी सदस्यों ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक दिव्यांग व्यक्ति को उसकी आवश्यकता के अनुसार सही और उपयोगी कृत्रिम अंग मिल सके।
पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष विष्णु रुंगटा ने अपने वक्तव्य में मारवाड़ी युवा मंच शाखा आजमगढ़ द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मंच लगातार जनहित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। उन्होंने इसे समाजसेवा की उत्कृष्ट पहल बताया।
कार्यक्रम के अंत में मंच के वरिष्ठ सदस्य श्यामसुंदर डालमिया ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिविर में दिन-रात मेहनत करने वाले संयोजक एवं सह-संयोजकों के साथ-साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आदित्य सिंह, सिद्धि शर्मा तथा हॉफ लेमन रेडियो के आरजे शिवम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें युगल किशोर जालान, अशोक शर्मा, अशोक रुंगटा, अजीत रुंगटा, अनिल रुंगटा, भोलानाथ जालान, दीपक अडूकिया, अशोक खंडेलिया, मनोज खेतान, राजीव डालमिया, संजय डालमिया, सुनील अग्रवाल, मुकुल अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, अनुप अग्रवाल, श्रेय अग्रवाल, सुधीर सिंह, नीरज गोयनका, राकेश अग्रवाल, सौरभ डालमिया, प्रत्यूष डालमिया, हिमांशु डालमिया, आकर्ष अडूकिया, आकाश बैरसिया, विजय शर्मा, परितोष रुंगटा, सोनू जालान, शुभम शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
वहीं महिला शक्ति के रूप में बबीता जसरासरिया, सुषमा सराफ, पायल जालान, लक्ष्मी खंडेलिया, रुपाली रुंगटा सहित कई महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
समापन समारोह में दिव्यांगजनों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। कृत्रिम अंग पाकर वे अपने जीवन को नए सिरे से आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित दिखे। यह आयोजन न केवल सेवा का उदाहरण बना, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी दे गया कि संगठित प्रयासों से जरूरतमंदों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है।
