हीट वेव से निपटने की पूरी तैयारी, सरकारी अस्पतालों में विशेष वार्ड स्थापित, लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

Uncategorized

अतरौलिया(आशीष निषाद), आजमगढ़। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव (लू) से निपटने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष वार्ड बनाने का निर्देश दिया गया है। अमर शहीद राजा जय लाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय में लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष वार्ड स्थापित किया गया है, जहां सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त कर दी गई हैं।
अस्पताल के स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. दिनेश सिन्हा ने बताया कि हीट वेव के मरीजों के लिए अलग से वार्ड संचालित किया जा रहा है, जिसमें पर्याप्त बेड, एसी, कूलर और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही आपातकालीन उपचार के लिए जरूरी सभी संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है, ताकि लू से प्रभावित मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके और गंभीर स्थिति में बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की इन तैयारियों से यह स्पष्ट है कि प्रशासन गर्मी के इस कठिन दौर में लोगों की सेहत को लेकर पूरी तरह सतर्क है। डॉ. सिन्हा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और यदि बहुत जरूरी हो तभी बाहर जाएं। बाहर निकलते समय सिर को छाता, टोपी, तौलिया या गमछे से ढककर रखें तथा पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, जिससे शरीर को तेज धूप से बचाया जा सके।
उन्होंने यह भी सलाह दी कि धूप में निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और ओआरएस घोल, नींबू पानी तथा मौसमी फलों जैसे तरबूज और ककड़ी का अधिक सेवन करें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, जी मिचलाना, जीभ सूखना या अत्यधिक प्यास लगने जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर चिकित्सक से परामर्श लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *