
आजमगढ़। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने सोमवार को अपने राज्यव्यापी अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहीद कुंवर सिंह पार्क से जुलूस निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया और राष्ट्रपति को संबोधित 17 सूत्रीय मांगपत्र अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के माध्यम से सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान भाकपा नेताओं ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा और दान की धनराशि में कथित गड़बड़ी, महंगाई तथा उत्तर प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई।
पार्टी के जिला सचिव जितेंद्र हरि पांडेय एडवोकेट ने आरोप लगाया कि राम मंदिर चढ़ावा मामले में शासन-प्रशासन ने गंभीर लापरवाही बरती है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में न्यायिक आयोग से कराई जाए, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
राज्य सचिव मंडल सदस्य हामिद अली ने शिक्षा व्यवस्था, स्कूल बंद होने, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक तथा अन्य मुद्दों को उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग ने किसानों को समय से खाद, बिजली और पानी उपलब्ध कराने, फसलों की एमएसपी की कानूनी गारंटी, खेत मजदूरों को 200 दिन रोजगार, 700 रुपये दैनिक मजदूरी तथा 55 वर्ष से अधिक आयु के किसानों और मजदूरों को 6 हजार रुपये मासिक पेंशन देने की मांग की। उन्होंने दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और महिलाओं के उत्पीड़न पर रोक लगाने की भी मांग उठाई।
इस अवसर पर खरपत्तू राजभर, श्यामा शर्मा, जीयालाल, मंगलदेव यादव, त्रिलोकीनाथ, दिनेश पांडेय, रामअवध यादव, हरिगेन राम, अशोक कुमार यादव, गंगादीन, प्रदीप कुमार, अजय तिवारी, शोभनाथ, सुबास यादव, रामनेत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
