बीच बाजार में दुकानदार को मनबढ़ लोगों ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा, चाकू से किया हमला, बाजार में मची अफरातफरी, वीडियो वायरल, एक वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, लोहे की राड व बेंत बरामद

Uncategorized

आजमगढ़ जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र के सठियांव बाजार में सरेआम दुकानदार पर हमले और दौड़ा दौड़ा कर पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस दौरान चाकू को लहरा कर हमला कर दिया गया। घटना एक दिन पूर्व का है। पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की राड व लकड़ी की बेत भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल को थाना मुबारकपुर क्षेत्र के सठियांव स्थित दुकान पर पुरानी रंजिश के चलते विपक्षीगण द्वारा वादी शैलेंद्र एवं उसके भाई पर लाठी-डण्डा, लोहे की राड व चाकू से हमला कर दिया गया था। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे, साथ ही हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। मामले में वादी की तहरीर के आधार पर थाना मुबारकपुर पर विभिन्न धाराओं न मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर भटौरा अंडरपास के पास से अभियुक्त दुर्गेश यादव पुत्र चन्द्रबली यादव निवासी ग्राम सुराई, थाना मुबारकपुर, (उम्र लगभग 48 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे की राड तथा एक लकड़ी की बेत बरामद की गई है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *