






आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पकरडीहा गांव के पास स्कूल जा रहे कक्षा 9 के छात्र को तेज रफ्तार स्कूल बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पकरडीहा निवासी 14 वर्षीय आनंद राजभर पुत्र फिरतू राजभर सुबह करीब 8:30 बजे साइकिल से पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज जा रहा था। वह गोरहरपुर मोड़ के पास अतरौलिया की ओर मुड़ रहा था, तभी नंदना बाजार की तरफ से आ रही ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल की बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र बस के नीचे आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद भी बस नहीं रुकी और छात्र तथा उसकी साइकिल को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक ने लापरवाही से वाहन चलाया और हादसे के बाद भी गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया।
मृतक आनंद तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़ा भाई अमन इंटरमीडिएट का छात्र है, जबकि छोटा भाई आदित्य कक्षा 8 में पढ़ता है। पिता फिरतू राजभर दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं और घटना के समय घर पर ही मौजूद थे। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश फैल गया। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। आक्रोशित लोगों ने करीब 15 मिनट तक सड़क जाम कर शव उठाने से रोक दिया। बाद में पुलिस ने समझाकर शव को कब्जे में लिया, लेकिन रास्ते में सम्मो माता मंदिर के पास भी ग्रामीणों ने दो बार शव को रोक लिया।
थाने पर भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा। परिजनों ने भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बाद में उनके प्रतिनिधि के पहुंचने के बाद भी परिजन स्कूल बस और चालक को थाने लाने की मांग पर अड़े रहे। काफी समझाने-बुझाने के बाद वे आगे की कार्रवाई के लिए तैयार हुए।
परिजनों का आरोप है कि बस चालक की लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक के परिजनों की ओर से थाने में तहरीर दे दी गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अतरौलिया देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
आशीष कुमार निषाद
