कोडीन कफ सिरप से खड़े साम्राज्य पर कसी नकेल: ₹50.9 लाख की अवैध संपत्ति जब्त, आरोपी विकास सिंह “नरवे” पर बड़ी कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़, 1 मई 2026। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार से अर्जित लगभग ₹50.9 लाख की संपत्ति को जब्त/फ्रीज कराया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना दीदारगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 319/25 की विवेचना के दौरान सामने आया कि अभियुक्त विकास सिंह उर्फ “नरवे” ने अवैध कारोबार से अर्जित धन से अपने पैतृक गांव में मकान का निर्माण कराया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹27.25 लाख है।
इसके अलावा आरोपी ने लखनऊ के गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित शालीमार वन वर्ल्ड परियोजना में एक फ्लैट बुक कराया था, जिसकी कुल कीमत करीब ₹1.61 करोड़ है। इसमें से ₹23.64 लाख की अग्रिम धनराशि जमा की गई थी, जिसे पुलिस ने फ्रीज करा दिया है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) के तहत कार्रवाई करते हुए ई-कोर्ट के माध्यम से सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली से आदेश प्राप्त कर संपत्तियों को जब्त किया गया।
जब्त संपत्तियां
पैतृक गांव में बना मकान (₹27.25 लाख अनुमानित)
लखनऊ स्थित फ्लैट की बुकिंग राशि ₹23.64 लाख (फ्रीज)
अभियुक्त का विवरण
विकास सिंह नरवे, निवासी ग्राम नरवे, थाना दीदारगंज/बरदह, आजमगढ़
आपराधिक इतिहास
अभियुक्त के खिलाफ जौनपुर और वाराणसी समेत विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस की कार्रवाई जारी
साइबर क्राइम थाना प्रभारी देवेन्द्र प्रताप सिंह की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को अवैध संपत्ति के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे अपराधियों में भय का माहौल बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *