आजमगढ़: पत्नी की निर्मम हत्या कर फरार हुआ पति, पुलिस जांच में जुटी, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत रसीदगंज चौकी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मृतका की पहचान चिंता देवी (पत्नी राजेंद्र मुसहर) निवासी अलीपट्टी रानीपुर, थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह के अनुसार, बीती रात आरोपी पति राजेंद्र मुसहर ने किसी बात को लेकर अपनी पत्नी पर चाकू, लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतका के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस हर पहलू से मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *