जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिलाओं पर हमला और ताला तोड़ने का वीडियो वायरल

Uncategorized

अतरौलिया से आशीष कुमार निषाद (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के जमीन अगया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में दो महिलाएं और एक युवक घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता शशिकला चौबे पत्नी धर्मेंद्र चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर रामप्रसाद चौबे, उनके पुत्र चंदन, रोशन और अंकिल लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी तथा अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं संतरा देवी पत्नी सुरेंद्र प्रसाद भी हमले में घायल हो गईं। परिजनों का आरोप है कि उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने संतरा देवी के गले से मंगलसूत्र और पैरों से पायल भी छीन ली।
पीड़ित पक्ष के इंद्रजीत चौबे का कहना है कि विवादित मकान की रजिस्ट्री वर्ष 2024 में उनके पक्ष में हुई थी और वे लंबे समय से उस पर काबिज हैं। उनका आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने बाद में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दूसरी रजिस्ट्री कराकर मकान पर कब्जा करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि घटना के समय घर के पुरुष सदस्य बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग घर का ताला तोड़ते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *