






फूलपुर (आजमगढ़)।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मकसूदिया गांव के पास बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के खतीरपुर गांव निवासी 28 वर्षीय सनी विश्वकर्मा पुत्र हरिहर विश्वकर्मा अपनी ससुराल भादी, शाहगंज (जौनपुर) से गुरुवार सुबह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह फूलपुर क्षेत्र के मकसूदिया गांव के पास मोड़ पर पहुंचे, तभी आजमगढ़ की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सनी विश्वकर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पिकअप वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को भी कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी पूजा विश्वकर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सनी छह माह के एक मासूम बेटे के पिता थे। वहीं उनके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार समेत पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
