राष्ट्रीय लोक अदालत में 17 दंपत्तियों का पुनर्मिलन, फिर से साथ रहने का लिया संकल्प

Uncategorized

आजमगढ़। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मिशन शक्ति 5.0 के तहत शुक्रवार को 17 दंपत्ति जोड़ों का पुनर्मिलन कराया गया। लंबे समय से पारिवारिक विवाद के चलते अलग रह रहे दंपत्तियों ने आपसी सहमति से अपने मतभेद समाप्त कर दोबारा साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह के समन्वय में आयोजित किया गया। पुनर्मिलन के बाद सभी दंपत्तियों को फूल-माला और उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस दौरान प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय एहसानउल्ला खान, अपर प्रधान पारिवारिक न्यायाधीश दिनेश कुमार मिश्रा, बालकृष्णन, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण निकिता राजन सहित परामर्शदाताओं और पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अधिकारियों ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में समझौता कराया। न्यायपालिका और पुलिस विभाग के इस संयुक्त प्रयास से 17 बिखरते परिवार फिर से एकजुट हो गए। कार्यक्रम के दौरान मंत्रोच्चारण के बीच दंपत्तियों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर नई शुरुआत की और न्यायालय व पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
प्रधान न्यायाधीश एहसानउल्ला खान ने अपने संबोधन में कहा कि पारिवारिक विवाद हर घर में होते हैं, लेकिन आपसी समझ और संवाद से उनका समाधान परिवार के भीतर ही निकाल लेना चाहिए। उन्होंने सभी दंपत्तियों को सुखद वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *