






आजमगढ़। मदर्स डे के अवसर पर जहाँ देश-दुनिया में माँ के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त किया गया, वहीं आजमगढ़ में जायसवाल महिला समिति की महिलाओं ने इस दिन को सेवा और संवेदना के साथ मनाकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। समिति की महिलाओं ने रविवार को पहाड़पुर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला पहुंचकर निराश्रित और बूढ़ी गायों की सेवा की तथा गौवंश को हरा चारा खिलाया।
समिति की अध्यक्ष कुसुम जायसवाल के नेतृत्व में पहुंची महिलाओं ने गौमाता को ममता का स्पर्श देते हुए अपने हाथों से चारा खिलाया। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता को विशेष स्थान प्राप्त है और उनमें समस्त देवी-देवताओं का वास माना जाता है। ऐसे में मदर्स डे पर गौसेवा करना मातृत्व के सम्मान का सबसे सुंदर रूप है।
कार्यक्रम के दौरान समिति की महिलाओं ने केवल एक दिन की सेवा तक सीमित न रहकर भविष्य में भी नियमित रूप से गौशाला आकर बेसहारा गायों की देखभाल और सेवा करने का संकल्प लिया। महिलाओं ने कहा कि समाज में सेवा, संवेदना और करुणा का भाव बनाए रखना ही इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य है।
इस अवसर पर अर्चना जायसवाल, नीतू जायसवाल, शीला जायसवाल, सरिता जायसवाल, रागिनी जायसवाल, गीता जायसवाल, लीलावती जायसवाल सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
