धान के खेत में पांचवे दिन भी डेरा डाले रहा अजगर, सियार को निगलने के बाद रहा मौजूद, डंडे से कोंचने के बाद भी नहीं हुआ टस से मस, लोगों में दहशत, वीडियो हुआ वायरल

Uncategorized

आजमगढ़ पटवध बबलू राय। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के एक गांव में धान के खेत में विशालकाय अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव निवासी राजाराम यादव के ट्यूबवेल के पास धान के खेत में पिछले करीब पांच दिनों से अजगर एक ही स्थान पर पड़ा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक अजगर ने एक सियार को अपना शिकार बना लिया है और उसे करीब करीब निगल चुका है। इसके बाद से वह उसी स्थान पर पड़ा हुआ है। लोगों ने डंडे से कोंच कर भगाने की कोशिश की लेकिन टस से मस नहीं हुआ।

धान की फसल घनी होने के कारण खेत में अजगर के छिपे होने की आशंका से किसान भी वहां जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अजगर को सियार को निगलते हुए देखा गया था। सियार का आधा हिस्सा अजगर के मुंह में होने के कारण मौके पर पहुंचने वाले लोगों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार, अजगर पिछले कई दिनों से खेत के आसपास दिखाई दे रहा था। अब वह लगातार एक ही स्थान पर पड़ा है। खेतों में इस समय धान की फसल काफी घनी है, ऐसे में उसके अचानक दूसरे स्थान पर निकल आने की आशंका भी ग्रामीणों को सता रही है। किसानों का कहना है कि खेतों में काम करने के दौरान किसी व्यक्ति का अजगर के करीब पहुंचना खतरे का कारण बन सकता है।

अजगर की मौजूदगी की जानकारी होने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अजगर को किसी तरह का नुकसान पहुंचाए बिना सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, जिससे लोगों में बनी दहशत दूर हो सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका भी समाप्त हो।

फिलहाल धान के खेत में अजगर के चार दिनों से पड़े होने की खबर क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और वन विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *