आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता, 25 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा से गांजा लाकर गोरखपुर, आजमगढ़ में ऑटो से करता था फुटकर बिक्री

Uncategorized

आजमगढ़। थाना तहबरपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 25 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा, एक मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। आरोपी ऑटो में गांजा छिपाकर उड़ीसा से गोरखपुर ले जा रहा था।
पुलिस के अनुसार 11 मई 2026 को उ0नि0 लोकेश मणि त्रिपाठी अपने हमराह का0 मिथिलेश शाह व का0 मुकेश कुमार गुप्ता के साथ बैंक चेकिंग और संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान किशुनदासपुर अंडरपास के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति ऑटो से निजामाबाद की तरफ से आ रहा है, जिसके पास अवैध सामान हो सकता है।
सूचना पर पुलिस टीम ने सरदहां चौहान बस्ती मोड़ के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धीरज साव पुत्र रामप्रताप साव निवासी ग्राम शाहपुर थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर, हाल पता गांधी रोड राउरकेला थाना प्लाण्ट साइड जनपद सुन्दरगढ़ उड़ीसा, उम्र करीब 34 वर्ष बताया।
पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर ऑटो के पिछले हिस्से से 12 पैकेटों में कुल 25 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के पास से कार्बन कंपनी का एक कीपैड मोबाइल फोन (बिना बैटरी) और 700 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा खरीदकर गोरखपुर ले जाता था और वहां फुटकर बिक्री कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 72/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना मुगलसराय जनपद चंदौली में एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई में उ0नि0 लोकेश मणि त्रिपाठी, का0 मिथिलेश शाह और का0 मुकेश कुमार गुप्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *