
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के पवई लाडपुर मंदिर के पास बुधवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सरायमीर थाना क्षेत्र के पुरन्दरपुर रोजा मोहल्ला निवासी 48 वर्षीय अज्जन हुसैन अपनी पत्नी 45 वर्षीय किशवर बानो के साथ मेहनगर थाना क्षेत्र के शाह देवइत गांव में आयोजित एक मजलिस में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय पवई लाडपुर मंदिर के पास पीछे से आ रहे ट्रक की साइड बाइक से लग गई।
टक्कर लगने से किशवर बानो सड़क पर गिर गईं और ट्रक के पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति अज्जन हुसैन बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही सरायमीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
