






आजमगढ़। थाना सिधारी पुलिस ने जिला आबकारी कार्यालय में जमा 7 लाख 60 हजार रुपये की प्रतिभूति राशि धोखाधड़ी और कूटरचना के जरिए हड़पने के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को भदुली अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिधारी पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को प्रभु नारायण सिंह, प्रभारी आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 सदर आजमगढ़ की ओर से थाना सिधारी में तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि राजेन्द्र सिंह एवं संजीत सिंह निवासी ग्राम नेवादा थाना कप्तानगंज ने जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में प्रतिभूति के रूप में जमा सावधि जमा रसीदों में निहित 7.60 लाख रुपये की धनराशि को कपटपूर्वक हड़प लिया।
आरोप है कि अभियुक्तों ने सावधि जमा रसीदों की छायाप्रतियों का प्रयोग करते हुए बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर उक्त राशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। मामले में थाना सिधारी पर मुकदमा संख्या 209/2026 धारा 318(4), 319(2), 316(5), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
शुक्रवार को उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण एवं अभियुक्त की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से संबंधित अभियुक्त भदुली अंडरपास के पास मौजूद है और भागने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने अभियुक्त संजीत सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम नेवादा थाना कप्तानगंज को सुबह करीब 9:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसके पिता राजेन्द्र सिंह के नाम से गुलामी का पुरा क्षेत्र में देशी शराब की दुकान का लाइसेंस था, जो फरवरी 2026 में शराब उठान कम होने के कारण निरस्त हो गया था। इसके बाद उसने अपने पिता के साथ यूनियन बैंक शाखा कटघर जाकर एफडी की द्वितीय प्रति के आधार पर 7 लाख 60 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त :
संजीत सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम नेवादा थाना कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़।
गिरफ्तारी करने वाली टीम :
उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार राय एवं कांस्टेबल रणवीर यादव थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़।
