
(आजमगढ़)। जौनपुर-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-128 पर बरदह थाना क्षेत्र के जिवली मोड़ के पास बुधवार देर शाम तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना एक पिकअप चालक को भारी पड़ गया। ओवरटेक के दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर पहले रोडवेज बस के अगले हिस्से से टकराई और फिर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में पिकअप की छत पर बैठा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि रोडवेज बस में सवार सभी छह यात्री, चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार जौनपुर से आजमगढ़ जा रही सिविल लाइन डिपो की रोडवेज बस अपनी लेन में चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मैजिक पिकअप ने बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के बाद चालक ने अचानक बस के सामने वाहन काट दिया, जिससे पिकअप बस के अगले हिस्से से टकराते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई।
बस चालक रामू विश्वकर्मा पुत्र रामगरीब, निवासी गिरधरपुर गोडवा, थाना होलागढ़ (प्रयागराज) ने बताया कि वह अपनी लेन में बस चला रहे थे। तभी पीछे से आई पिकअप ने तेजी से ओवरटेक कर बस के सामने कट मार दिया। उन्होंने तुरंत ब्रेक लगाकर बस को नियंत्रित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
हादसे में पिकअप की छत पर बैठे 30 वर्षीय दिवाकर मौर्य पुत्र मनोज मौर्य, निवासी थाना खेतासराय (जनपद जौनपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। फिलहाल बस चालक की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
