भव्य शोभायात्रा के साथ पंडाल में विराजीं हाता की माता रानी, डांडिया और देवी गीतों पर झूमे श्रद्धालु

Uncategorized

आजमगढ़। शहर के पुरानी सब्जी मंडी के समीप हाता में शारदीय नवरात्र के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी परंपरागत रूप से माता रानी का भव्य पंडाल सजाया जा रहा है। हालांकि, इस वर्ष माता रानी के आगमन का अंदाज पहले से बिल्कुल अलग और आकर्षक नजर आया। भव्य सजावट, डीजे की धुन, देवी गीतों और पारंपरिक आयोजनों के बीच निकली आगमन यात्रा ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
माता रानी की प्रतिमा का निर्माण स्थल से सबसे पहले नगर पालिका कार्यालय के समीप लाया गया। यहां से प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाकर धूमधाम के साथ आगमन यात्रा निकाली गई। यात्रा सब्जी मंडी चौराहे पर पहुंची, जहां विशेष आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं की मौजूदगी और जयकारों के बीच माता रानी को विधि-विधान के साथ पंडाल में विराजमान कराया गया।
आगमन यात्रा के दौरान महिलाओं ने रास्ते भर डांडिया खेलकर उत्साह और भक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। डीजे पर बजते माता रानी के गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। यात्रा में हाथी-घोड़े भी आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, पारंपरिक शहनाई और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी।
माता रानी के इस अनूठे आगमन को देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ जुटी रही। पूरे क्षेत्र में देवी गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस बार की भव्य आगमन यात्रा ने नवरात्र उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *