






लालगंज/आजमगढ़। लालगंज क्षेत्र स्थित सुमन हॉस्पिटल एंड चाइल्ड केयर सेंटर में प्रसूता की मृत्यु के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए थे।
मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द्र कुमार ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल संचालक एवं स्टाफ मौके पर मौजूद मिले। निरीक्षण में सामने आया कि उपचार के दौरान एक प्रसूता की मृत्यु हो गई थी, जबकि नवजात शिशु की हालत गंभीर होने पर उसे अन्य अस्पताल रेफर किया गया था। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन और हंगामा किया था।
जांच में अस्पताल में फायर सेफ्टी व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, आवश्यक पंजीकरण अभिलेख, प्रशिक्षित स्टाफ तथा मानक अनुरूप चिकित्सीय उपकरणों की गंभीर कमी पाई गई। कई जरूरी दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके। स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं पाया गया।
डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द्र कुमार ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी अत्यंत गंभीर मामला है। प्रथम दृष्टया अस्पताल संचालन में लापरवाही एवं अनियमितताएं पाए जाने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है और संबंधित मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना मानक एवं नियमों के संचालित निजी चिकित्सालयों, अवैध अस्पतालों एवं झोलाछाप गतिविधियों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। मरीजों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई हेतु थाना लालगंज को भी पत्र भेज दिया गया है।
