दुकान खाली करने के विवाद में महिला से मारपीट का आरोप, तीन पर मुकदमा

Uncategorized

आजमगढ़। सरायमीर कस्बे में दुकान और संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। एक महिला ने तीन लोगों पर ईंट मारकर घायल करने, गाली-गलौज करने और दुकान खाली न करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता जरीना बानो, निवासी चूड़ीहार उत्तरी, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पुराना थाना क्षेत्र स्थित एक संपत्ति उनकी मां किताबुन्निशा ने वसीयत के माध्यम से उनके नाम की थी। मां की मृत्यु के बाद संपत्ति उनके नाम दर्ज हो गई। इसी संपत्ति को लेकर उनके भाई अंसार अहमद के पुत्र रेहान तथा उनकी बेटियां फातिमा और आयसा से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद आरोपी पक्ष ने संपत्ति पर कब्जा कर रखा है।
शिकायत के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी दुकान खोलकर बाथरूम जा रही थीं। तभी रेहान ने छत से ईंट फेंक दी, जो उन्हें लगने से कमर और पैर में चोट आई। आरोप है कि इसके बाद रेहान, फातिमा और आयसा ने छत से गाली-गलौज करते हुए दुकान खाली करने का दबाव बनाया और विरोध करने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष पहले भी उनके साथ मारपीट कर चुका है।
सरायमीर थाना पुलिस ने जरीना बानो की तहरीर पर रेहान, फातिमा और आयसा के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 125(ए), 352 और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना निरीक्षक/वरिष्ठ निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *