₹50 हजार का इनामिया गैंगस्टर गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं में था वांछित, हाईवे से दबोचा गया आरोपी

Uncategorized

आजमगढ़ जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग के सक्रिय सदस्य एवं गैंगेस्टर एक्ट में वांछित ₹50 हजार के इनामिया अभियुक्त को थाना गम्भीरपुर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार तड़के बिन्द्रा बाजार स्थित आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे से दबोचा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अब्दुल वाहिद पुत्र शेर अली निवासी मुस्लिम पट्टी थाना निजामाबाद लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
बताया गया कि वर्ष 2024 में थाना निजामाबाद क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अभियुक्त शामिल था। 20/21 अगस्त 2024 की रात सोढरी गांव निवासी रामअचल राय के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और ₹50 हजार नगद चोरी कर लिए गए थे। इसके बाद फरिहा गांव निवासी अरशद जमाल के घर से भी आभूषण व ₹48 हजार नगद चोरी होने का मामला दर्ज हुआ। वहीं प्राथमिक विद्यालय प्यारेपुर के रसोईघर से गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी की घटना भी इसी गिरोह से जुड़ी पाई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह संगठित तरीके से आर्थिक लाभ के उद्देश्य से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। इसी आधार पर अभियुक्तों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर गम्भीरपुर पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने बिन्द्रा बाजार के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक रेडमी मोबाइल फोन और ₹310 नगद बरामद हुआ।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, एसटीएफ के उपनिरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह सहित गम्भीरपुर पुलिस व एसटीएफ प्रयागराज के जवान शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *