






आजमगढ़। जनपद के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गम्भीरपुर पुलिस ने अभियुक्त को विषहम मोड़ से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 मई 2026 को अनुज मोदनवाल पुत्र स्वर्गीय सूरज मोदनवाल निवासी ग्राम रानीपुर रजमों (विन्द्राबाजार), थाना गम्भीरपुर ने पुलिस को सूचना दी थी कि 18 मई की रात पड़ोसियों द्वारा ताना मारने को लेकर हुए विवाद में उनके पिता सूरज मोदनवाल पर लाठी-डण्डा और लोहे की रॉड से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना गम्भीरपुर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में गम्भीरपुर पुलिस लगातार अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में गुरुवार को थाना गम्भीरपुर पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित अभियुक्त शैलेन्द्र मोदनवाल पुत्र स्वर्गीय शिवलाल निवासी ग्राम रानीपुर रजमो (बिन्द्रा बाजार), थाना गम्भीरपुर को विषहम मोड़ से सुबह करीब 10:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 32 वर्ष है। उसके खिलाफ मु0अ0सं0-124/2026 धारा 105/115(2)/352/351(3)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल सर्वेश यादव, रि0 कांस्टेबल अन्तेष पाण्डेय तथा रि0 महिला कांस्टेबल अंजू जायसवाल शामिल रहीं।
