






आजमगढ़। समाजवादी पार्टी आजमगढ़ इकाई ने देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, डीजल-पेट्रोल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, नीट तथा सरकारी नौकरियों की परीक्षाओं में पेपर लीक, आरक्षण व्यवस्था में कथित हस्तक्षेप, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
सपा नेताओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत कार्य कर रही हैं तथा सरकारी संस्थाओं की स्वायत्तता प्रभावित हो रही है। ज्ञापन में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा के बढ़ते खर्च और सामाजिक सौहार्द से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की गई।
पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रदेश में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ अन्याय हो रहा है तथा विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता का सरकार पर विश्वास कम होता जा रहा है। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सभी वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए आवश्यक हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, कमलाकांत राजभर, डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, एमएलसी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
