






आजमगढ़। मण्डलायुक्त विवेक एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को मण्डलायुक्त सभागार में मण्डलीय कानून व्यवस्था तथा मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मण्डल के तीनों जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मण्डलायुक्त ने ग्राम समाज एवं शहरी क्षेत्रों की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं और कब्जाधारकों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई कर भूमि को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला अपराधों और महिलाओं की गुमशुदगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी टोल प्लाजों पर देशभक्ति गीतों के साथ सड़क सुरक्षा नियमों, लू एवं वज्रपात से बचाव संबंधी संदेशों का प्रसारण कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने स्कूली वाहनों एवं बसों की शत-प्रतिशत फिटनेस जांच सुनिश्चित करने के लिए एआरटीओ को निर्देशित किया।
मण्डलायुक्त ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर नीलगाय प्रभावित क्षेत्रों में सचेतक बोर्ड लगाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर रिफ्लेक्टर और साइनेज स्थापित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्पीड साइनेज एवं निगरानी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रंक एंड ड्राइविंग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और ब्लैक स्पॉट चिन्हित स्थलों पर दुर्घटना रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों और प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गंगा दशहरा, बकरीद तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं पुलिस एवं प्रशासन के बेहतर समन्वय से शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराई गई हैं। आगामी आयोजनों को भी इसी प्रकार सकुशल सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी पैरवी कर उन्हें सजा दिलाई जा रही है तथा महिला अपराधों के मामलों में भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के मण्डलीय एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
