बाइक की टक्कर से दूध लेकर घर लौट रहे युवक की मौत, दिल्ली में रह कर करते थे नौकरी, 4 दिन में वापस लौटना था, परिजनों में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। कोतवाली क्षेत्र के चक अमनाबाद गांव निवासी 30 वर्षीय रामधनी गुप्ता पुत्र स्वर्गीय जगनारायण गुप्ता की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम प्रधान इंद्राज के अनुसार, रामधनी गुप्ता शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे साइकिल से दूध लेने बिलारमऊ बाजार गए थे। बाजार से वापस लौटते समय गांव के सामने लखनऊ-बलिया मार्ग पर डीह बाबा स्थान के पास रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आ गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस सहायता के लिए डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से घायल रामधनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के घर में मातम छा गया है। मां लीलावती देवी, पत्नी फूलमती तथा दो वर्षीय पुत्र रूद्राक्ष का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के विलाप से गांव का माहौल भी गमगीन हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि रामधनी लगभग एक माह पूर्व दिल्ली से अपने परिवार के साथ गांव आए थे। वह दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और दो-चार दिनों में पुनः दिल्ली जाने वाले थे। उनके असमय निधन से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
चौकी प्रभारी अंबारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में रामधनी गुप्ता की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *