



आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2025 के दौरान जिला चिकित्सालय, भैरव बाबा मंदिर महाराजगंज तथा अन्य स्थानों से कई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में कोतवाली और महाराजगंज थानों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। विवेचना के दौरान राजन राजभर और सचिन राजभर का नाम प्रकाश में आया।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। इनके आपराधिक कृत्यों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजा था। जिलाधिकारी द्वारा 28 मई 2026 को गैंग चार्ट अनुमोदित किए जाने के बाद दोनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सोमवार को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजन राजभर पुत्र रामफेरू राजभर तथा सचिन राजभर पुत्र सुदर्शन राजभर, निवासी गढ़ कौशिक थाना कप्तानगंज जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों के विरुद्ध वाहन चोरी, चोरी की संपत्ति रखने, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सूर्य पाल, कांस्टेबल दिलीप कुशवाहा, कांस्टेबल रवि कुमार तथा महिला आरक्षी खुशबू सिंह शामिल रहीं।
