






आजमगढ़, 11 अप्रैल। जनपद पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ों में बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले दो वांछित अपराधियों को जवाबी कार्रवाई में घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी व अन्य सामान बरामद हुआ है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में की गई।
थाना देवगांव क्षेत्र में पुलिस को उस समय सफलता मिली जब मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को आंगन ढाबा के पास रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा और घेराबंदी के दौरान बेईली नहर पुलिया के पास उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए ललकारे जाने पर उसने जानलेवा फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राहुल यादव (28 वर्ष) निवासी जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह लोगों को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान स्थानों पर ले जाता था और तमंचे के बल पर नकदी व सामान लूटकर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से देशी तमंचा, कारतूस, 15 हजार रुपये नकद, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा आधार कार्ड की प्रतियां बरामद की गई हैं।
वहीं, थाना कप्तानगंज क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राजू निषाद (45 वर्ष) निवासी ग्राम पियरिया के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा था, जिससे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी जफरामऊ बाग स्थित एक खंडहरनुमा मकान में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से देशी तमंचा तथा जिन्दा और खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। जनपद में पुलिस की लगातार सख्ती से अपराधियों में भय का माहौल देखा जा रहा है।
