
आजमगढ़। रौनापार थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर बिना सहमति गर्भपात कराने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) जारी होने के बाद पुलिस ने तकनीकी माध्यम से उसकी लोकेशन का पता लगाया और स्थानीय पुलिस के सहयोग से साकीनाका क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को आजमगढ़ लाया गया और गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, चार जुलाई 2026 को पीड़िता ने रौनापार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के डूंगरपुर निवासी तारकेश्वर यादव ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद आरोपी पर उसकी बिना सहमति गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया गया। इसके बाद आरोपी ने खेत अपने नाम कराने के बाद शादी करने की बात कही। खेत नाम न करने पर पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर रौनापार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 179/2026 के तहत धारा 69, 89 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने न्यायालय से NBW प्राप्त किया। विवेचक ने तकनीकी माध्यम से आरोपी की लोकेशन हासिल की, जो मुंबई के साकीनाका क्षेत्र में मिली। इसके बाद रौनापार थाने की पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से 21 सितंबर को आरोपी तारकेश्वर यादव को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित कोर्ट नंबर 66 में पेश किया गया। न्यायालय से 22 सितंबर को ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस आरोपी को आजमगढ़ लेकर पहुंची। 24 सितंबर को रौनापार थाने में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तारकेश्वर यादव (51) पुत्र रामसूरत यादव, निवासी डूंगरपुर, थाना कप्तानगंज, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसका वर्तमान पता मुरंचन चाल, कैलाश नगर, साकी बिहार रोड, पवई, मुंबई (महाराष्ट्र) है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनुराग पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुमित सिंह और महिला कांस्टेबल नारायणी तिवारी, थाना रौनापार शामिल रहीं।
