आजमगढ़: युवक को मरा समझ कपड़े उतारकर फेंके, जानलेवा हमले में तीन गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे मृत समझकर छोड़ देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक की पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े उतारकर घटनास्थल पर छोड़ दिए थे और बाद में कपड़ों को रास्ते में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चौकिया निवासी सुशीला देवी ने 8 जून को तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र 7 जून की रात करीब आठ बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह गांव के बाहर ट्यूबवेल के पास खड़ंजा मार्ग किनारे वह अचेत अवस्था में मिला। उसके सिर, चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले में थाना पवई पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को घटना में हर्ष सिंह निवासी लारपुर गौहर (पवई), ओम सिंह निवासी अर्गूपुर कला (शाहगंज, जौनपुर) और सक्षम सिंह निवासी छबवा (शाहगंज, जौनपुर) की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। इसके बाद सोमवार सुबह निरीक्षक अपराध शम्भूनाथ यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बागबहार पुलिया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात वे मोटरसाइकिल से जा रहे थे। ग्राम चौकिया के पास एक युवक नशे की हालत में सड़क के बीच खड़ा था। हॉर्न देने के बावजूद रास्ते से न हटने पर विवाद हो गया। इसके बाद तीनों ने मिलकर युवक की लात-घूंसों, जूतों और चप्पलों से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान युवक बेहोश हो गया तो उन्हें लगा कि उसकी मौत हो गई है। घबराकर उन्होंने उसकी पहचान छिपाने के लिए कपड़े उतार दिए और कपड़ों को अपने साथ ले जाकर रास्ते में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना से संबंधित पैंट, जूते, बेल्ट समेत अन्य सामान बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *